Home छत्तीसगढ़ रायगढ़ शहर ओबीसी कांग्रेस की कमान कन्हैया लाल पटेल को

रायगढ़ शहर ओबीसी कांग्रेस की कमान कन्हैया लाल पटेल को

0

 

 

Ro.No - 13759/40

*एआईसीसी ओबीसी विभाग ने जारी की नियुक्ति, लंबे सामाजिक एवं प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ*

 

रायगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (ओबीसी विभाग) द्वारा संगठन विस्तार एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में ओबीसी कांग्रेस पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में एआईसीसी ओबीसी विभाग के चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिंद ने रायगढ़ शहर ओबीसी विभाग कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त तकनीकी शिक्षा अधिकारी कन्हैया लाल पटेल को सौंपी है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पिछड़ा वर्ग समाज में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

 

*प्रशासनिक सेवा से सामाजिक नेतृत्व तक का सफर*

 

1 जुलाई 1960 को जन्मे कन्हैया लाल पटेल ने अपने लंबे सेवाकाल में शिक्षा, समाजसेवा और संगठनात्मक नेतृत्व के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) रायगढ़ में प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी के रूप में लगभग 38 वर्षों तक सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

 

*सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका*

 

शासकीय सेवा के साथ-साथ कन्हैया लाल पटेल सामाजिक गतिविधियों में भी लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद (पिकअप 36 गढ़) में जिला अध्यक्ष रायगढ़ के रूप में कार्य करते हुए पिछड़ा वर्ग समाज की समस्याओं एवं अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाई।

इसके अतिरिक्त उन्होंने फूलमाली समाज छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पद पर लगभग 5 वर्षों तक जिम्मेदारी निभाते हुए समाज में संगठनात्मक एकता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए कई कार्य किए।

वर्तमान में वे महात्मा ज्योतिबा सावित्री बाई फुले संघर्ष मोर्चा संपूर्ण भारत में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं, जहां वे सामाजिक न्याय, शिक्षा और पिछड़े वर्गों के उत्थान को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

 

*2022 से कांग्रेस संगठन में सक्रिय*

 

सेवानिवृत्ति के पश्चात वर्ष 2022 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और तब से संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, संगठनात्मक अनुभव और समाज के विभिन्न वर्गों में मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें रायगढ़ शहर ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

*पेंशनर संगठन में भी निभा रहे जिम्मेदारी*

 

कन्हैया लाल पटेल वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ में संयुक्त सचिव के पद पर भी कार्यरत हैं। पेंशनरों की समस्याओं एवं अधिकारों को लेकर वे निरंतर सक्रिय रहते हैं।

क्षेत्र में खुशी और बधाइयों का दौर

उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद रायगढ़ शहर सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों में खुशी का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समाज प्रमुखों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में रायगढ़ शहर ओबीसी कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पिछड़ा वर्ग समाज की आवाज को प्रभावी मंच मिलेगा।कन्हैया लाल पटेल का निवास बंगलापारा, चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ में है, जहां लंबे समय से वे सामाजिक एवं जनहित कार्यों से जुड़े हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here