रायगढ़। शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा बाईपास रोड स्थित एक कबाड़ दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के बगल में स्थित कबाड़ दुकान में आग लगी। आग लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत की जा रही है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें पास स्थित हीरो मोटर कॉर्प के शोरूम तक पहुंच गईं, जिससे आसपास के व्यापारियों और लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।



