भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। इस बार मानसून अपने शुरुआती अनुमान (26 मई) से करीब 9 दिन की देरी से पहुंचा है। इसके साथ ही देश के 24 राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है, जिसके चलते केरल के अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट (11 से 20 सेमी बारिश) जारी किया गया है।
दूसरी ओर, मध्य और उत्तर भारत के राज्यों—जैसे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली—में क्यूम्युलोनिम्बस बादलों के असर से 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और ओलावृष्टि होने की आशंका है। दिल्ली-NCR के लिए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है।
मानसून 9 दिन देरी से पहुंच रहा केरल
पहले अनुमान था कि मानसून 26 मई को केरल पहुंचेगा, लेकिन यह तय समय से करीब 9 दिन देरी से आया. आमतौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंच जाता है और इसके बाद करीब डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है.
5 जून का मौसम अपडेट
- राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी.
- अंडमान-निकोबार, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शनिवार तक तेज बारिश की संभावना.
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ ओलावृष्टि हो सकती है.
6 जून का मौसम अपडेट
- पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में बारिश और आंधी का असर रहेगा.
- केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश जारी रहने का अनुमान है.
- असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां बनी रहेंगी.



