Home रायगढ विधायक विद्यावती सिदार के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, लैलूंगा विधानसभा के...

विधायक विद्यावती सिदार के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, लैलूंगा विधानसभा के तमनार क्षेत्र में बनेंगे नए पीडीएस भवन

0

रिपोर्टर सतीश शुक्ला लैलूंगा
लैलूंगा,11 जून। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र की विधायक विद्यावती सिदार के सतत प्रयासों से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) रायगढ़ ने विकासखंड रायगढ़ के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में नए पीडीएस भवनों के निर्माण के लिए 59 लाख 20 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इनमें लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े ग्राम पंचायत बंगुरसिया, कोटमार और पतरापाली को भी महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।
जारी प्रशासनिक स्वीकृति आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत बंगुरसिया, कोटमार तथा पतरापाली (पूर्व) में 14.80-14.80 लाख रुपये की लागत से पीडीएस भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत कुशबहरी में भी समान राशि से पीडीएस भवन का निर्माण होगा। कुल चार ग्राम पंचायतों में 59.20 लाख रुपये की लागत से यह कार्य संपादित किया जाएगा। कार्य की क्रियान्वयन एजेंसी जनपद पंचायत रायगढ़ होगी तथा निर्माण कार्य को 180 दिनों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने की दिशा में इस स्वीकृति को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पीडीएस भवन बनने से राशन सामग्री के सुरक्षित भंडारण, वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता तथा हितग्राहियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वर्षों से ग्रामीणों द्वारा उचित भवन की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विधायक विद्यावती सिदार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पीडीएस भवनों के निर्माण से न केवल वितरण व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीणों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए विधायक विद्यावती सिदार के प्रयासों की सराहना की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी और आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here