उत्तर बस्तर कांकेर, 15 जून 2026/ प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत् पथ एवं फुटकर विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुराना कम्युनिटी हॉल में प्रधानमंत्री स्वनिधि लोन महोत्सव मेले का आयोजन किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन कुमार मेरिया ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं, शहरी गरीबों एवं असंगठित श्रमिकों को वित्तीय समावेश, डिजिटल सशक्तीकरण एवं सामाजिक सुरक्षा लाभों से जोड़ना है। मेले में बड़ी संख्या में पथ एवं फुटकर विक्रेताओं ने अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए ऋण आवेदन जमा किए। अग्रणी बैंक सहित विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के काउंटर लगाए गए, जहां आवेदकों को ऋण प्रक्रिया, पात्रता और अन्य आवश्यक जानकारियां प्रदान की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने निकाय क्षेत्र के सभी पथ और फुटकर विक्रेताओं से अपील की है कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए ऋण सुविधा प्राप्त करें। शिविर संचालन के सफल संचालन के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। शिविर में ऋण प्राप्त करने के इच्छुक हितग्राहियों से आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड की छायाप्रति और पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करने को कहा गया।
*लोक कल्याण मेला शिविर का आयोजन 16 से 23 जून तक*
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन मेरिया ने बताया कि कांकेर के न्यू कम्युनिटी हॉल में 16 जून को लोक कल्याण मेला शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 19 जून को नगर पालिका परिषद सभाकक्ष में तथा 23 जून को पुराना कम्युनिटी हॉल कांकेर में प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 02 बजे तक किया जाएगा तथा 24 जून को नगर पालिका परिषद सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से दोपहर 02 बजे तक पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।



