🔹 पुलिस-जनता संबंधों को सुदृढ़ बनाने हेतु अंतागढ़ पुलिस की सराहनीय पहल।
🔹 दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में 200 से अधिक लोगों को जारी किए गए लर्निंग लाइसेंस प्रमाण पत्र।
🔹 यातायात, साइबर एवं वित्तीय अपराधों से बचाव संबंधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।
🔹 शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों को वितरित की गई अध्ययन सामग्री।
🔹 कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।
⏹️ पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के नेतृत्व में कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस-जनता संबंधों को सुदृढ़ बनाने एवं सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष कुमार बंछोर एवं एसडीओपी अंतागढ़ श्री शुभम तिवारी के मार्गदर्शन में अंतागढ़ पुलिस द्वारा आमजन के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
⏹️ अंतागढ़ स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में यातायात पुलिस कांकेर एवं परिवहन विभाग के सहयोग से 200 से अधिक लोगों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए तथा उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित वाहन संचालन एवं यातायात नियमों के पालन के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
⏹️ शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि इसमें अंतागढ़ के अतिरिक्त पखांजूर, आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा एवं आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा शिविर का लाभ प्राप्त किया।
⏹️ दिनांक 16 जून 2026 को शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर अंतागढ़ पुलिस द्वारा सामुदायिक भवन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शाला स्टाफ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
⏹️ कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल सुरक्षा, वित्तीय अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों की जानकारी सरल, रोचक एवं व्यवहारिक तरीके से दी गई। विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुलिस विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।
⏹️ प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता सिंह एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक नकुल पैकरा ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को करियर मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान युवाओं ने पुलिस सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया गया।
⏹️ कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित एवं नियंत्रित वाहन चलाने तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की शपथ ली।
⏹️ कांकेर पुलिस द्वारा भविष्य में भी आमजन की सुरक्षा, जागरूकता एवं पुलिस-जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने हेतु ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।

