नरहरपुर, दिनांक 19 जून 2026
आज दिनांक 19 जून 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कांकेर श्री हरेश मंडावी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कांकेर द्वारा नरहरपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मावा मॉडल लाइब्रेरी, आईटीआई संस्थान, ग्राम पंचायत घोटियावाही स्थित आश्रम तथा जनपद पंचायत नरहरपुर कार्यालय का अवलोकन किया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत घोटियावाही के आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आश्रम में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, भोजन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों में पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी द्वारा निर्माणाधीन मावा मॉडल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी के पूर्ण होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा अन्य अध्ययनरत नागरिकों को अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र में शैक्षणिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जनपद पंचायत कार्यालय में अभिलेख संधारण, कार्यालयीन व्यवस्था एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नरहरपुर श्री बेनूराम सुखदेवे भी उपस्थित रहे तथा उनके द्वारा निरीक्षण दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के एपीओ श्री संतलाल गोटा, जनपद पंचायत नरहरपुर के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।



