लैलूंगा, रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिराईपानी औद्योगिक क्षेत्र में दीवार ढहने से एक महिला मजदूर की दर्दनाक मौत तथा दो अन्य मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने छह सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस समिति के संयोजक चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव बनाए गए हैं। समिति में लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, जेजेपुर विधायक बालेश्वर साहू, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री आरती सिंह तथा रायगढ़ नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जांच समिति घटना स्थल का दौरा करेगी, औद्योगिक क्षेत्र के प्रबंधन, मृतक मजदूर के परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की जानकारी जुटाएगी। इसके बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।
समिति में शामिल लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार मजदूरों के हितों और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय रही हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस हादसे को गंभीर मानते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञात हो कि चिराईपानी औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में मजदूर सुरक्षा एवं औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस की जांच समिति जल्द ही घटनास्थल का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।



