साहू सदन, शांति नगर, कांकेर में आयोजित तुलसी मानस प्रतिष्ठान जिला इकाई कांकेर के शपथ ग्रहण समारोह में विधायक श्री आशाराम नेताम जी एवं पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी जी शामिल हुए। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन, समाज सेवा एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन हेतु शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम जी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठन समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी जी ने भी संगठन की नई टीम को बधाई देते हुए समाजहित एवं जनजागरण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी, सदस्यगण, श्रद्धालुजन एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम भक्ति, संस्कार एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।



