Home Blog मानवता का महाअभियान: अदानी समूह और रेडक्रॉस के रक्तदान शिविर में 716...

मानवता का महाअभियान: अदानी समूह और रेडक्रॉस के रक्तदान शिविर में 716 यूनिट रक्त संग्रह

0
तीन दिवसीय अभियान बना जनसेवा का उदाहरण, सैकड़ों रक्तदाताओं ने जरूरतमंदों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

रायगढ़। सामाजिक सरोकार और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए अदानी पावर लिमिटेड एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा रायगढ़ द्वारा किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर में उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई। 22 जून से 24 जून 2026 तक चले इस महाअभियान में कुल 716 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जिले के स्वास्थ्य तंत्र और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

Ro.No - 13848/159

716 यूनिट रक्त संग्रह के साथ यह तीन दिवसीय शिविर रायगढ़ जिले में जनसेवा और सामाजिक सहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।

अदानी समूह की विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी

रक्तदान शिविर में अदानी कोल माइंस, अदानी पावर, अदानी सीमेंट और अदानी प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। बड़ी संख्या में युवाओं और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में सफल हुआ आयोजन

यह आयोजन जिला प्रशासन एवं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल जगत के दिशा निर्देश में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित किया गया। शिविर के सफल संचालन में रेडक्रॉस सोसायटी, किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों तथा ब्लड बैंक की टीम तथा अदानी के डीजीएम परवेज अहमद, मेडिकल ऑफिसर डॉ राजेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने निभाई सक्रिय भूमिका

शिविर के दौरान भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रायगढ़ के चेयरमैन मुकेश शर्मा, डॉ. एच.एस. उरांव, वाईस चेयरमैन संतोष टिबरेवाल, कोषाध्यक्ष रामनिवास मोड़ा, प्रदेश प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, अनिल अग्रवाल एवं प्रेम नारायण मौर्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अलावा रेडक्रॉस सोसायटी के स्टॉफ चंदू गुप्ता, राजेश पटेल तथा ब्लड बैंक के चिकित्सकीय एवं तकनीकी स्टॉफ ने रक्त संग्रहण, पंजीयन और व्यवस्थाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा जीवनदान का संबल

विशेषज्ञों के अनुसार एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित हो सकता है। ऐसे में 716 यूनिट रक्त का संग्रहण जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, दुर्घटना पीड़ितों, प्रसूता महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए जीवनदायिनी सहायता साबित होगा।

रक्तदान को लेकर बढ़ी जागरूकता

शिविर के दौरान रक्तदान के महत्व, स्वास्थ्य लाभ और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद को नया जीवन देता है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना की भावना को भी मजबूत करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here