Home Blog चोरी का सनसनीखेज खुलासा: 6.80 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, चार...

चोरी का सनसनीखेज खुलासा: 6.80 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

0

200 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर सीपत पुलिस और ACCU ने सुलझाई ज्वेलरी शॉप चोरी की गुत्थी

बिलासपुर। थाना सीपत क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में तीन मुख्य आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चांदी के जेवर, 13.30 ग्राम सोने के जेवर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 6.80 लाख रुपये बताई गई है।

Ro.No - 13848/159

पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी दुकान संचालक विभूति विनय सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 फरवरी 2026 की शाम दुकान बंद करते समय सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद से भरे दो बैग दुकान के बाहर रखे थे। इसी दौरान गमछे से चेहरा ढके एक युवक ने पहले से मोटरसाइकिल पर मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों बैग चोरी कर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम खम्हरिया, बलौदा तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लगातार जांच जारी रखी।

जांच के दौरान पेंड्रा जिले के कोटमीकला चौकी से सूचना मिली कि एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल और राजाराम साहू ने पूछताछ में रमेश ज्वेलर्स चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद जेवरों का आपस में बंटवारा किया गया था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी खुशीराम साहू ने चोरी के कुछ चांदी के जेवर दीपक वर्मा को बेच दिए थे, जबकि कुछ जेवर अपने पास छिपाकर रखे थे। वहीं राजाराम साहू से एक जोड़ी चांदी की पायल और दो सोने के टॉप्स बरामद किए गए। आरोपी मनीष उर्फ राहुल मंडल के पास से चोरी की संपत्ति और एक देशी कट्टा पहले ही रेलवे पुलिस द्वारा देवघर रेलवे स्टेशन पर जब्त किया जा चुका था। घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 10 BF 2654) भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर ली गई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी:

खुशीराम साहू (65), ग्राम बिटकुला, थाना सीपत

मनीष उर्फ राहुल मंडल (30), विजय नगर, जिला बांका (बिहार)

राजाराम साहू (25), ग्राम बिटकुला, थाना सीपत

दीपक वर्मा (42), ग्राम सेल, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार (चोरी का माल खरीदने वाला)

पुलिस ने इस सफलता का श्रेय एसीसीयू बिलासपुर एवं थाना सीपत की संयुक्त टीम को दिया है, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर इस चर्चित चोरी की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here