Home Blog कबीर जयंती पर गूंजे भक्ति, विचार और सामाजिक समरसता के स्वर, बघेल...

कबीर जयंती पर गूंजे भक्ति, विचार और सामाजिक समरसता के स्वर, बघेल परिवार ने किया भव्य आयोजन

0

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर बघेल परिवार एवं मानिकपुरी पनिका समाज के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महा चौका आरती, भजन-कीर्तन एवं विचार गोष्ठी के माध्यम से संत कबीर के जीवन, दर्शन और उनके संदेशों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुष, बच्चे एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर भक्ति का वातावरण बना रहा और संत कबीर के दोहों की गूंज से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संत कबीर दास के निर्भीक व्यक्तित्व और उनके क्रांतिकारी विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने समय में सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों और पाखंड के विरुद्ध बेबाकी से आवाज उठाई। उनके दोहे आज भी समाज को सच्चाई, मानवता और समानता का मार्ग दिखाते हैं।
कार्यक्रम में कबीर के प्रसिद्ध दोहों का पाठ भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कबीर का संदेश किसी एक वर्ग या धर्म तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आह्वान किया कि संत कबीर के विचारों को केवल सुनने तक सीमित न रखकर उन्हें अपने जीवन में भी अपनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया तथा सभी ने समाज में प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और जागरूकता का भी सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर मानिकपुरी समाज के अध्यक्ष संतू दास मानिकपुरी, जिला उपाध्यक्ष अभिलाष दास बघेल, जिला सचिव नेहरू दास कबीर, कोषाध्यक्ष दौलत दास मानिकपुरी, यू.आर. ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र गोवंश सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिलाष दास बघेल के परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं पूजा-अर्चना की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here