
मस्तूरी। जनपद पंचायत मस्तूरी अंतर्गत ग्राम पंचायत वेद परसदा का युवा संगठन ऐरो क्लब सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के अपने अनूठे प्रयासों से पूरे क्षेत्र में प्रेरणा का केंद्र बन गया है। क्लब के सदस्य वर्षों से न केवल बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाते आ रहे हैं, बल्कि गांव के युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए लगातार विभिन्न आयोजन भी करते हैं। ऐरो क्लब द्वारा प्रतिवर्ष क्रिकेट एवं कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाता है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। क्लब की सबसे सराहनीय पहल यह है कि हाल ही में प्रतियोगिताओं में प्राप्त पुरस्कार राशि तथा सदस्यों के आपसी सहयोग से जुटाई गई धनराशि से गांव में खेल मैदान का निर्माण कराया जा रहा है।
युवाओं की मेहनत और जनसहयोग से गांव में 500 मीटर का एथलेटिक ट्रैक भी तैयार किया गया है, जिससे दौड़, एथलेटिक्स और अन्य खेलों का अभ्यास करने वाले युवक-युवतियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। यह पहल ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐरो क्लब केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य भी लगातार कर रहा है। क्लब की इस पहल की क्षेत्रभर में जमकर सराहना हो रही है और इसे ग्रामीण विकास व खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।



