चारामा में शिक्षा सुदृढ़ीकरण अभियान का अंतिम चरण संपन्न, गुणवत्ता सुधार पर दिया गया जोर
शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभागीय समीक्षा बैठक, अधिकारियों ने दिए प्रभावी शिक्षण के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने के उद्देश्य से संचालित शिक्षा सुदृढ़ीकरण एवं संवर्धन अभियान के अंतर्गत विभागीय समीक्षा बैठकों की श्रृंखला का अंतिम चरण शनिवार को विकासखंड चारामा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद एवं जिला मिशन समन्वयक नवनीत कुमार पटेल ने
विकासखंड के संस्था प्रमुखों, संकुल समन्वयकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की । इस दौरान विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, नियमित एवं प्रभावी अध्यापन, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन), विद्यार्थियों की अधिगम उपलब्धियों तथा सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
समीक्षा बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र निर्माण में निर्धारित ब्लूप्रिंट का पालन, कोर कमेटियों की सक्रिय भूमिका, नियमित मूल्यांकन प्रणाली तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए योजनाबद्ध एवं लक्ष्य आधारित शिक्षण पद्धति अपनाना आवश्यक है।
बैठक में शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं साइकिल वितरण, मध्याह्न भोजन योजना, नेवता भोज, शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, विद्यालयों की स्वच्छता, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं के प्रभावी उपयोग सहित समग्र शिक्षा अंतर्गत संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद ने शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों को समयपालन, नियमित कक्षाओं का संचालन, सतत मूल्यांकन, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार तथा अभिभावकों से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में अनुशासित, सकारात्मक एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
जिला मिशन समन्वयक नवनीत कुमार पटेल ने समग्र शिक्षा अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से समन्वित प्रयास, नवाचार आधारित शिक्षण तथा सीखने के परिणामों में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के समापन पर अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा सुदृढ़ीकरण एवं संवर्धन अभियान के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



