सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर अंतागढ़ पुलिस के विविध जनजागरूकता कार्यक्रम संपन्न।
एकलव्य आवासीय विद्यालय लामकंहार में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण कानूनों की दी गई जानकारी।

उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिलेभर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष कुमार बंछोर, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री शुभम तिवारी तथा थाना प्रभारी अंतागढ़ श्री प्रहलाद यादव के मार्गदर्शन में दिनांक 06 एवं 07 जुलाई 2026 को थाना अंतागढ़ क्षेत्र में जनसहभागिता आधारित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम :- दिनांक 06 जुलाई 2026 को थाना अंतागढ़ परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठजनों के अनुभवों का सम्मान करते हुए उन्हें वर्तमान समय के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, साइबर सुरक्षा एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता ,एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम सहित नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल भुगतान संबंधी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की गई।
वृक्षारोपण के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश :- वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राधेलाल नाग, पेंशनर समाज अंतागढ़ के अध्यक्ष श्री रामरतन शांडिल्य सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं लगभग 100 से अधिक नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता एवं जागरूकता का संदेश :- दिनांक 07 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्रांतर्गत एकलव्य आवासीय विद्यालय, लामकंहार (अंतागढ़) में विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश” रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से प्रेरित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, यातायात नियमों का पालन, वित्तीय सुरक्षा, गुड टच एवं बैड टच, नशे के दुष्प्रभाव, मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग), बच्चों से संबंधित नवीन कानूनों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी प्रदान की गई।
📢 कांकेर पुलिस की अपील:-
वरिष्ठ नागरिकों ,विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर अपराध अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 में दें । पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांकेर पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।



