मस्तूरी। मस्तूरी क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण मस्तूरी तहसील के ग्राम रिसदा में 25 ग्रामीण चारों ओर से बाढ़ के पानी में फंस गए। हालात बेहद गंभीर थे और सुरक्षित रेस्क्यू किसी चुनौती से कम नहीं था।
सूचना मिलते ही तहसीलदार मस्तूरी लखेश्वर किरण और तहसीलदार पचपेड़ी नीलम पिस्दा तथा पटवारी संघ के अध्यक्ष धीरज मिश्रा ने नेतृत्व के साथ मिलकर प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अभियान में थाना प्रभारी मस्तूरी, ग्राम रिसदा के सरपंच, राजस्व अमला, पुलिस बल और SDRF की टीम ने पूरी मुस्तैदी और बेहतरीन समन्वय के साथ मोर्चा संभाला।
तेज बहाव और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी 25 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरे अभियान के दौरान हर व्यक्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और योजनाबद्ध तरीके से राहत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
यह सफल रेस्क्यू अभियान इस बात का प्रमाण है कि आपदा के समय प्रशासन, पुलिस, ग्राम पंचायत और SDRF का प्रभावी तालमेल लोगों की जान बचाने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और समर्पण की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय अभियान में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल, SDRF टीम और जनप्रतिनिधियों की जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है।



