Home Blog डोमपदर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ व्यापक...

डोमपदर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ व्यापक वृक्षारोपण, शाला प्रबंधन समिति के पदस्थ पदाधिकारियों का किया गया सम्मान

0

नरहरपुर। विकासखंड नरहरपुर अंतर्गत संकुल केंद्र जामगांव की उच्च प्राथमिक शाला डोमपदर में शनिवार को शाला प्रबंधन एवं शिक्षा समिति के पदस्थ पदाधिकारियों के सम्मान समारोह के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” विकासखंड स्तरीय व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालक-अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री हरिचंद शोरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पटेल श्री संवल सिंह वट्टी उपस्थित रहे।

Ro.No - 13848/159

मुख्य अतिथि श्री संवल सिंह वट्टी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रत्येक विद्यार्थी को नियमित रूप से विद्यालय आकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।

संस्था प्रमुख श्री झाडूराम कोड़ोपी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का भी विकास करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर शिक्षक श्री प्रेमलाल सिन्हा एवं श्री सतीश कुमार भास्कर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वृक्षों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वृक्ष हमें शुद्ध वायु, फल, छाया और जीवन के लिए आवश्यक प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। सभी विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर एवं उन्मुक्त खेल मैदान में फलदार एवं छायादार पौधों का सामूहिक रूप से रोपण किया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक श्री सतीश कुमार भास्कर द्वारा प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी उपस्थितजनों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शाला परिवार, पालक-अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधान पाठक श्री झाडूराम कोड़ोपी, शिक्षक श्री प्रेमलाल सिन्हा, सहायक शिक्षिका सुश्री सुशीला कुंजाम, सहायक शिक्षिका श्रीमती बृंदा वट्टी, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालक-अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री चंद्रकांत कुंजाम, श्री कलीराम यादव, श्री जंगल सिंह मंडावी, श्री लाल सिंह वट्टी, श्री रामूराम, श्री सदाराम जुरी, श्रीमती दिनेश्वरी तराम, श्रीमती कौशल्या नेताम, श्रीमती फगनी यादव, श्रीमती इतवारिन मरकाम, श्रीमती सुशीला नेताम, श्रीमती उमेश्वरी यादव, श्रीमती सरिता यादव तथा श्रीमती कचरी बाई नेताम का विशेष योगदान एवं सराहनीय सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जनभागीदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का एक प्रेरणादायी अभियान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here