जेसीआई रायगढ़ सिटी द्वारा शनिवार को जिला चिकित्सालय (केजीएच), रायगढ़ में “Salute To Silent Star” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में निस्वार्थ भाव से सेवा देने वाले एंबुलेंस ड्राइवर, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय एवं हाउसकीपिंग कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य उन कर्मयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करना था, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहते हैं और बिना किसी अपेक्षा के समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सम्मान स्वरूप सभी सम्मानित कर्मियों को स्टील की पानी की बोतल भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
जेसीआई रायगढ़ सिटी के अध्यक्ष जेसी सीए गुलशन अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल के ये सभी कर्मचारी समाज के सच्चे “साइलेंट स्टार” हैं। इनकी मेहनत, समर्पण और सेवा भावना के कारण हजारों लोगों का जीवन सुरक्षित रहता है। उन्होंने सभी सम्मानित कर्मियों के प्रति तहेदिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जेसीआई रायगढ़ सिटी भविष्य में भी समाज के ऐसे अनसुने नायकों का सम्मान करती रहेगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन प्रोग्राम डायरेक्टर जेसी विशाल अग्रवाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जेसीआई रायगढ़ सिटी के सदस्य जेसी सुमन दत्ता, जेसी अमन अग्रवाल, जेसी विशाल अग्रवाल, जेसी आदित्य अग्रवाल, जेसी आकाश अग्रवाल एवं जेसी नितेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सम्मानित कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित कर्मचारियों ने जेसीआई रायगढ़ सिटी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण के साथ सेवा करने की प्रेरणा देता है।उक्त जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से संस्था के पीआरओ जेसी सुमन दत्ता ने दी।



