अधिवक्ता/नोटरी प्रेम नारायण मौर्य एवं श्रीमती सुधा मौर्य की सुपुत्री ने हासिल की उल्लेखनीय सफलता, शुभचिंतकों में हर्ष की लहर
रायगढ़। अधिवक्ता एवं नोटरी प्रेम नारायण मौर्य तथा श्रीमती सुधा मौर्य की छोटी सुपुत्री आकांक्षा मौर्य ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXI) प्रथम प्रयास में ही सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अपने परिवार, समाज एवं शुभचिंतकों का गौरव बढ़ाया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से परिवार में हर्ष का वातावरण है तथा उन्हें लगातार बधाइयाँ और शुभकामनाएँ प्राप्त हो रही हैं।
ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) भारतीय विधिज्ञ परिषद (Bar Council of India) द्वारा आयोजित एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षा है, जिसे उत्तीर्ण करने के बाद विधि स्नातकों को अधिवक्ता के रूप में विधिक व्यवसाय करने हेतु Certificate of Practice प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होता है। इस कठिन परीक्षा को पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण करना किसी भी विधि छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
आकांक्षा मौर्य की इस सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अनुशासित अध्ययन, आत्मविश्वास तथा माता-पिता के सतत मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया जा रहा है। उन्होंने अपनी लगन और समर्पण से यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस उपलब्धि पर अधिवक्ता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, मित्रों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने आकांक्षा मौर्य को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी विधि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और न्याय व्यवस्था की सेवा करेंगी।



