भूपदेपुर स्थित डॉ. प्रशांत पांडेय के फार्म हाउस में सैकड़ों लोगों ने लगाया पौधा
समाज की सेवा, संस्कार और पर्यावरण के प्रति समर्पण का दिखा अनूठा संगम
रायगढ़। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और आने वाली पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने के उद्देश्य से पूर्वांचल भोजपुरी समाज, रायगढ़ द्वारा रविवार को भूपदेपुर स्थित समाज के संरक्षक डॉ. प्रशांत पांडेय के फार्म हाउस में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के पुरुष एवं महिला पदाधिकारियों, युवाओं तथा सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए सैकड़ों पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी सोच के साथ समाज ने हर सदस्य से कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र के बीच वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में नियमित रूप से पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल बना है समाज
पूर्वांचल भोजपुरी समाज केवल सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। समाज द्वारा संचालित ‘मां अन्नपूर्णा रसोई’ के माध्यम से पिछले दो वर्षों से लगातार प्रतिदिन मातृ-शिशु अस्पताल, रायगढ़ में भर्ती मरीजों के परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सेवा से प्रतिदिन अनेक जरूरतमंद परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
वर्षभर चलती हैं जनहित की गतिविधियां
समाज समय-समय पर अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। इनमें मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिचय सम्मेलन, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, अस्पतालों में चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ का सम्मान, कोविड-19 महामारी के दौरान जरूरतमंदों को भोजन वितरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी अभियान प्रमुख हैं।
पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आने वाले समय में भी पूर्वांचल भोजपुरी समाज सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
कार्यक्रम में समाज के संरक्षक, पदाधिकारी, महिला इकाई, युवा प्रकोष्ठ तथा बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।



