Home Blog लगातार बारिश के बीच कलेक्टर ने शहर के बाढ़ एवं जल भराव...

लगातार बारिश के बीच कलेक्टर ने शहर के बाढ़ एवं जल भराव संभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

0
अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने एवं आपात स्थिति में सतर्क रहने के दिए निर्देश
जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें अलर्ट

रायगढ़, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम रायगढ़ की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने स्वयं शहर के विभिन्न बाढ़ एवं जल भराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बारिश के बीच कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सर्वप्रथम पंचधारी एनीकट का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जलस्तर एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने नदी किनारे के दोनों छोरों का निरीक्षण करते हुए जल भराव की संभावनाओं वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने बड़े रामपुर क्षेत्र सहित निचली बस्ती बालसमुंद तालाब क्षेत्र एवं मोदी नगर पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखी जाए। नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहकर कार्य करें। सभी टीमें पूरी सतर्कता के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Ro.No - 13848/159

आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि मानसून के दौरान जल भराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शहर को चार जोन में विभाजित कर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। इसमें जिंदल पतरापाली क्षेत्र को प्रथम जोन, मुख्य शहर क्षेत्र को द्वितीय जोन, जूटमिल क्षेत्र को तृतीय जोन तथा चक्रधर नगर चौक क्षेत्र को चतुर्थ जोन में शामिल किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी संबंधित इंजीनियर एवं कार्यपालन अभियंताओं को सौंपी गई है। बारिश शुरू होने के साथ ही निगम की टीमें सभी क्षेत्रों में सक्रिय हैं। प्रत्येक जोन में तकनीकी विभाग के वरिष्ठ इंजीनियर, राजस्व विभाग के वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक एवं सफाई दरोगा सहित मैदानी अमला तैनात है, जो लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। प्रशासन की सक्रियता और बेहतर समन्वय के कारण अब तक शहर में कहीं भी गंभीर जल भराव की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here