एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
मनेंद्रगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार एवं जिला संगठन के मार्गदर्शन में सोमवार को एमसीबी जिले के रानी दुर्गावती भवन, डोमनापारा, मनेंद्रगढ़ में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में “समरसता संकल्प अभियान” की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के जीवन, उनके आदर्शों, सामाजिक समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में उनके अमूल्य योगदान से लोगों को अवगत कराना है।
इस अवसर पर प्रदेश से नियुक्त मुख्य वक्ता एवं प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत गुरु रविदास जी ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव का सदैव विरोध करते हुए समरस समाज की स्थापना का संदेश दिया। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि मनुष्य की पहचान उसके कर्म, चरित्र और सेवा भाव से होती है, जन्म से नहीं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अवसर है। भारतीय जनता पार्टी इसी उद्देश्य के साथ समरसता संकल्प अभियान चला रही है, ताकि सामाजिक सद्भाव, समानता और राष्ट्र निर्माण के उनके संदेश को घर-घर तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने की। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके समय में थे। समाज में समरसता, सामाजिक न्याय और एकता स्थापित करने के लिए उनके आदर्शों का अनुसरण करना समय की आवश्यकता है।
कार्यशाला में समरसता संकल्प अभियान के जिला संयोजक द्वारिका जायसवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल केशरवानी, लखनलाल श्रीवास्तव, भाजपा जिला पदाधिकारी, सभी मंडलों के अध्यक्ष, मंडल महामंत्री तथा कार्यशाला के लिए अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा जिला महामंत्री आशीष मजुमदार ने किया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संत गुरु रविदास जी के समरस, समानतामूलक एवं भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



