बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बीजापुर यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर के हॉट बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आम नागरिकों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की समझाइश दी गई।
अभियान के तहत यातायात प्रभारी ने ईको एवं ऑटो चालकों की बैठक लेकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शहर की सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने का अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें



