कांकेर । स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कांकेर के एमबीबीएस इंटर्न चिकित्सकों द्वारा स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर जारी हड़ताल के पांचवें दिन शनिवार को हड़ताल स्थल पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन के साथ-साथ इंटर्न चिकित्सकों ने सामाजिक सेवा और मानवता का संदेश देते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।
हड़ताल स्थल पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में लगभग 25 इंटर्न चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। चिकित्सकों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सकती है। आंदोलन के दौरान भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।
इंटर्न चिकित्सकों ने बताया कि उनका आंदोलन केवल स्टाइपेंड वृद्धि की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि चिकित्सा सेवा एवं समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी निरंतर बनी हुई है। इसी भावना के तहत हड़ताल के पांचवें दिन रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दिया गया।
इंटर्न चिकित्सकों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें ₹15,900 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह किए जाने की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई, कार्य के बढ़ते दायित्व एवं चिकित्सकीय सेवाओं में उनके योगदान को देखते हुए वर्तमान स्टाइपेंड अपर्याप्त है।
रक्तदान शिविर के दौरान इंटर्न चिकित्सकों ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखते हुए सामाजिक सेवा का भी उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य सरकार से उनकी लंबित स्टाइपेंड वृद्धि की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।



