‘ नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव ’
एमसीबी । भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रायपुर द्वारा “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान” के तहत वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन होटल हसदेव इन, मनेन्द्रगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े सहित PIB के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं युवा शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इस दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। नशामुक्ति पर आधारित नाटक के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।
PIB भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने कहा कि मीडिया देश का चौथा स्तंभ है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनजागरूकता अभियानों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने “नशा छोड़ो, भारत जोड़ो” अभियान को व्यापक जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए केवल रोकथाम पर्याप्त नहीं है, बल्कि नशे के पीछे छिपे तनाव, अकेलेपन, पारिवारिक परिस्थितियों, पढ़ाई और रोजगार से जुड़े कारणों को समझना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
माय भारत जिला समन्वयक कोरिया चहल कैलाशिया ने युवाओं को MY Bharat पोर्टल की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा, कौशल विकास एवं सामाजिक सहभागिता से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने नशामुक्ति अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की अपील की।
PIB रायपुर के उपनिदेशक रमेश जयभाये ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन के साथ परिवार, विद्यालय, सामाजिक संगठन, युवा और मीडिया की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नशा छोड़कर सफल जीवन जी रहे लोगों की प्रेरक कहानियों को सामने लाने और “नशा छोड़ो, भारत जोड़ो” अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।



