56 दफाई मस्जिद के नीचे झाड़ियों के पास हुआ खूंखार भालू से सामना, पालतू कुत्ते ने भिड़कर बचाई मालिक की जान
एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
एमसीबी। नगर पंचायत खोगापानी के वार्ड क्रमांक 13 में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घर लौट रहे एक युवक पर खूंखार भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 13 निवासी गोरेलाल चौधरी, पिता स्व. महतो लाल चौधरी, रविवार रात करीब 10 बजे अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान 56 दफाई मस्जिद के नीचे झाड़ियों के पास अचानक उसका सामना भालू से हो गया। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही भालू ने उस पर हमला कर दिया।
मालिक पर हमला देख भालू से भिड़ गया पालतू कुत्ता
बताया जा रहा है कि घटना के समय गोरेलाल के साथ उसका पालतू कुत्ता भी था। जैसे ही कुत्ते ने अपने मालिक पर भालू को हमला करते देखा, वह भालू से भिड़ गया। कुत्ते के भालू पर झपटने से युवक को खुद को संभालने और मौके से बच निकलने का थोड़ा समय मिल गया। इस तरह युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना में युवक के सिर और चेहरे समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद सुरेश चौधरी अपने साथी मिक्कू एवं अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल मनेंद्रगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
वन्यजीवों और इंसानों के बीच बढ़ रहा संघर्ष
गौरतलब है कि एमसीबी जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की यह कोई पहली घटना नहीं है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आए दिन भालू, हाथी, तेंदुआ और अन्य वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार इन घटनाओं में ग्रामीणों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ मानव सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से वन्यजीवों की लगातार हो रही आवाजाही वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



