ध्वजारोहण, मार्चपास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का किया गया प्रदर्शन
उत्तर बस्तर कांकेर राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला स्तरीय मुख्य समारोह नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसके सफल आयोजन के लिए आज अंतिम रिहर्सल किया गया, मुख्य अतिथि के तौर पर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर सलामी दी।
गुरुवार को प्रातः 09 बजे से राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल प्रारंभ हुआ, जिसमें समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने मुख्य मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी, इसके साथ ही राष्ट्रगान की धुन का वादन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा जिप्सी पर सवार होकर परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान श्री निखिल राखेचा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी उनके साथ मौजूद थे। परेड निरीक्षण पश्चात् जिला पुलिस बल, नगरसेना के जवान, जिला पुलिस महिला प्लाटून, बस्तर फाइटर्स महिला प्लाटून, वनरक्षक, शासकीय भानुप्रतापदेव स्नाकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, पीएमश्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक-बालिका, पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोविंदपुर, शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इत्यादि शैक्षणिक संस्थाओं के एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड कैडेट्स की 12 प्लाटूनों के द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया, तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा दल प्रमुखों से परिचय प्राप्त किया गया। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं के समूह द्वारा पीटी का एक लय में प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात नेताजी सुभाषचंद्र बोस 200 सीटर कन्या आवासीय विद्यालय बेवरती, सरस्वती शिशु मंदिर गढ़पिछवाड़ी, पैराडाइज हायर सेकेण्डरी स्कूल कांकेर, शहीद रामकुमार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कन्या आश्रम सिंगारभाठ और नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के छात्र-छात्राओं के द्वारा आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) श्री आकाश श्रीमाल, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री के.के. सरल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा स्वतंत्रता समारोह में करेंगे ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पीएम श्री शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षामंत्री श्री टंकराम वर्मा द्वारा प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। उनके द्वारा जिला स्तरीय समारोह में जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के उपरांत उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकों और नागरिकों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट में प्रदर्शन करने वाले दलों को भी स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।




