Home Blog दिवंगत आरक्षक सुरजीत कोड़ोपी के परिजनों को 01 करोड़ रुपये की सहायता...

दिवंगत आरक्षक सुरजीत कोड़ोपी के परिजनों को 01 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान ।

0
पुलिस विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त प्रयास से दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को मिला आर्थिक संबल ।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए एमओयू के तहत “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना लागू की गई है। इस योजना के अंतर्गत पुलिस कर्मियों को विभिन्न प्रकार की बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) की उपस्थिति में भारतीय स्टेट बैंक शाखा कांकेर के शाखा प्रबंधक श्री ऋषि कटियार एवं शाखा प्रबंधक नरहरपुर श्री श्याम निराला द्वारा दिवंगत पुलिसकर्मियों के वैध उत्तराधिकारियों को पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत प्राप्त बीमा क्लेम की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

Ro.No - 13954/39

आरक्षक सुरजीत कोड़ोपी, रक्षित केंद्र कांकेर में पदस्थ थे। दिनांक 30.06.2025 को पानी में डूबने के कारण उनकी अप्राकृतिक मृत्यु हो गई थी। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत उनके वैध उत्तराधिकारी को एक्सीडेंटल क्लेम के रूप में 01 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) ने दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को प्राप्त सहायता राशि का उपयोग परिवार के भविष्य, बच्चों की शिक्षा एवं आवश्यक कार्यों के लिए सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने के संबंध में भी जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिस विभाग के साथ निरंतर सहयोग एवं संवेदनशील पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज जैसी योजनाएं पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं।इस प्रकार की योजनाओं से पुलिस कर्मियों में यह विश्वास मजबूत होता है कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान किसी आकस्मिक परिस्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा एवं संस्थागत सहयोग प्राप्त होगा।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, मुख्य लिपिक श्री विजय देवांगन, वेतन शाखा प्रभारी श्री राजेश भास्कर, कार्यालयीन स्टाफ, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारीगण तथा दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग द्वारा अपने दिवंगत एवं शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उन्हें उपलब्ध बीमा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here