Home Blog ‘विभाजन की विभीषिका’ पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का कांकेर विधायक ने किया...

‘विभाजन की विभीषिका’ पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का कांकेर विधायक ने किया शुभारंभ

0
अवलोकन कर कहा- अक्षुण्ण भारत का विभाजन देश का सबसे पीड़ादायक दंश है

उत्तर बस्तर कांकेर केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ पर आधारित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन आज जिला मुख्यालय के कलेक्टोरेट परिसर में किया गया। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार लगाई गई उक्त प्रदर्शनी का शुभारंभ कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री आशाराम नेताम ने किया। जनसम्पर्क विभाग द्वारा तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी आज से 15 अगस्त तक के लिए अवलोकनार्थ लगाई गई है।
छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ व अवलोकन करने के बाद कांकेर विधायक श्री नेताम ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी 14 अगस्त 1947 में हुए अक्षुण्ण भारत देश के विभाजन के दंश को प्रदर्शित करती है, जिसे सम्पूर्ण देशवासियों ने झेला। उन्होंने कहा कि विभाजन के साथ ही देश के अनेक हिस्सों में दंगे, हिंसा तथा वैमनस्यता फैल गई, जिसके परिणामस्वरूप पूरा देश नफरत की आग में झुलस गया। अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से धार्मिक उन्माद सम्पूर्ण देश में फैल गया। विधायक श्री नेताम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विभाजन की विभीषिका से आम जनता को अवगत कराने के उद्देश्य से जनसम्पर्क विभाग द्वारा उक्त छायाचित्रों के माध्यम से बेहतर ढंग से विस्थापितों की पीड़ा और दर्द को प्रदर्शित करने का बेहतर प्रयास किया गया।

उक्त प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम्’ की थीम पर दर्शाए गए छायाचित्रों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांकेर विधायक ने आगे कहा कि बंगदर्शन पत्रिका के उपन्यास ‘आनंद मठ’ में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने पहली बार वंदे मातरम् शब्द का इस्तेमाल किया, जो आजादी के संघर्ष के दौर से राष्ट्र की आवाज बन चुका है। इसी नारे की अगुवाई में आजादी के परवानों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी, जिनका ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। विधायक श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ‘हर घर तिरंगा’ फहराने की अपील की है, जिसके तहत देश भर में 9 से 17 अगस्त के बीच देशभक्ति से ओतप्रोत अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही है। मंगलवार 11 अगस्त को भी उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव के नेतृत्व में कांकेर शहर के मुख्य मार्गों में तिरंगा यात्रा सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित आगंतुकगण मौजूद रहे।

Ro.No - 13954/39

जिले के दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम चेमल से आए आवेदक श्री हेमंत रावटे, सगनू नेताम, रोशन आमले, अमित तिरसुनिया तथा शोभितराम पटेल ने छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के उपरांत कहा कि उन्हें देश के इस इतिहास के बारे में पता ही नहीं था। इस प्रदर्शनी के जरिए जानकारी मिली कि देश के विभाजन के दौरान लाखों विस्थापितों के साथ अन्याय व अत्याचार हुआ। वर्तमान पीढ़ी को इस इतिहास से रू-ब-रू होने में यह प्रदर्शनी बेहद सार्थक सिद्ध होगी। इसी तरह कांकेर के ग्राम खमढोड़गी से आए पूर्व सरपंच श्री प्यारसिंह मंडावी और उनके साथ आए ग्रामीण श्री रूपराम कोमरा ने कहा कि तत्कालीन भारत के स्वर्णिम इतिहास को जानना सभी देशवासियों के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन के दौर में वंदे मातरम् ने क्रांतिवीरों में नई जान फूंक दी थी। इसके अलावा विभिन्न ग्रामों से आए ग्रामीणों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसे सार्थक व बेहद प्रासंगिक बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here