Home Blog मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों में गैर-संचारी रोगों पर संवेदनशील एवं तथ्यात्मक पत्रकारिता...

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों में गैर-संचारी रोगों पर संवेदनशील एवं तथ्यात्मक पत्रकारिता से आएगा सकारात्मक बदलाव

0
पत्रकारों के लिए क्षेत्रीय संवाद एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

रायगढ़, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों में गैर-संचारी रोगों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य संबंधी विषयों की तथ्यात्मक एवं संवेदनशील रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रायगढ़ में पत्रकारों हेतु क्षेत्रीय संवाद एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में रायगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के पत्रकारों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में सिकल सेल रोग, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह, जन्मजात हृदय रोग तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने पत्रकारों के साथ संवाद किया।

प्रशिक्षण सत्रों में बच्चों में बढ़ते गैर-संचारी रोगों की चुनौती, उनके शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार तथा उपलब्ध शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी साझा की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि मीडिया केवल सूचना पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक व्यवहार परिवर्तन का महत्वपूर्ण स्तंभ है। तथ्यात्मक, संवेदनशील और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है तथा उन्हें समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित किया जा सकता है।

Ro.No - 13954/39

विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल रोग की समय पर जांच एवं नियमित उपचार, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह के शुरुआती लक्षण, जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों के शीघ्र रेफरल एवं उपचार तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

टीकाकरण, पोषण और एनीमिया नियंत्रण पर भी दिया गया जोर

संवाद के दौरान पूर्ण टीकाकरण, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, सामुदायिक सहभागिता तथा बहु-विभागीय समन्वय को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, मीडिया और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाई जा सकती है।

इससे लोगों में जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ समय पर स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग में भी सुधार आएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के सहभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में यूनिसेफ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह के नेतृत्व तथा एमसीसीआर ट्रस्ट के डॉ. डी. श्याम कुमार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी पत्रकारों ने समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा माताओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सकारात्मक, जिम्मेदार और तथ्यात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here