रायगढ़ । ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स, डिस्ट्रिक्ट सी.जी -1 स्वर्णिम के लीनेस क्लब सेवांजलि द्वारा सेवांजलि परिसर में बुधवार को सावन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया । क्लब की संस्थापक अध्यक्ष ली. सुमिता जी पांडेय के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में सावन की उमंग, संस्कार और सेवा भाव एक साथ दिखाई दिए ।
दीप प्रज्वलन एवं पूजा अर्चना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन से हुई । दीप प्रज्वलन संस्थापक अध्यक्ष ली. सुमिता पांडेय, संरक्षक ली. सुषमा नायक, अध्यक्ष ली. प्रतिभा सिंह, सचिव ली. रजनी मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष ली. निशात अली ने किया । इसके पश्चात ली. सुनीता यादव ने लीनेस प्रार्थना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया । इस अवसर पर सभी सदस्याएं हरे रंग की चूड़ियों और रानी रंग के परिधानों में नजर आईं ।
जूनियर क्लब की रही सक्रिय भागीदारी
उत्सव में जूनियर क्लब सेवांजलि ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया । जूनियर क्लब अध्यक्ष दीक्षा शुक्ला एवं मिराल अली ने आकर्षक मंच संचालन किया । जूनियर सचिव प्राची कुलवेदी ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, वहीं कोषाध्यक्ष हृदया पांडेय ने आए हुए अतिथियों का पुष्पों से स्वागत किया ।
अतिथियों का हुआ सम्मान
आज के इस कार्यक्रम के अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में गायत्री सिंह, कविता अग्रवाल, सिम्मी चावला, भोजपुरी समाज की अध्यक्ष अंजू यादव एवं क्लब की नव सदस्य ली. अर्चना मिश्रा का पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया ।
झूले, गीत-संगीत और नृत्य की रही धूम
सावन की फिजा के बीच सदस्याओं ने परिसर में लगे झूलों का आनंद लिया । सावन के फिल्मी गीतों पर सभी ने जमकर गीत-संगीत और नृत्य किया । पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा ।
सुषमा नायक बनीं सावन क्वीन
उत्सव का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता रही।सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ “मैं हूं सावन क्वीन” के खूबसूरत पल को जिया। इसके बाद नंबरिंग सिस्टम एवं रोचक प्रश्न राउंड के माध्यम से सावन क्वीन का चयन किया गया, जिसमें ली. सुषमा नायक सावन क्वीन चुनी गईं।
इसी क्रम में आयोजित बंगड़ी गेम में सिम्मी चावला एवं राजश्री शुक्ला विजेता रहीं। सभी विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए ।
अन्नदान: क्लब की सिग्नेचर एक्टिविटी
त्योहार के साथ सेवा का संदेश देते हुए क्लब ने अपनी सिग्नेचर एक्टिविटी ‘अन्नदान’ के तहत वृद्धा विमला बाई को राशन सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की ।
सफल आयोजन में इनका रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोजेक्ट प्रमोटर ली. अर्चना मिश्रा, चेयरपर्सन ली. चंचला सिंह, ली. तनु शर्मा, ली. ममता चौहान, ली. सरोजिनी कुर्रे, ली. रुपांजलि देशमुख, ली. रीता श्रीवास्तव, ली. पूनम तिवारी, ली. लता बघेल एवं ली. बबली कुलवेदी की सक्रिय भूमिका रही। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों को स्नेह स्वरूप रिटर्न गिफ्ट प्रदान किए गए।
सावन के रंग में गीत, संगीत, मस्ती, स्वल्पाहार के साथ मुस्कुराहटों से सजी यह शाम सभी के लिए आनंद और अपनत्व से भरी एक अविस्मरणीय याद बन गई ।



