प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय पातालेश्वर महाविद्यालय, मस्तूरी में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय में उपस्थित अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों द्वारा वंदे मातरम् का गायन किया गया।
इसके उपरांत महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा शानदार एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की गई। कैडेट्स ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ परेड में भाग लेकर अनुशासन, एकता और देशभक्ति की भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों एवं शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर एक पेड़ माँ के नाम अभियान चलाया गया । एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं हराभरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर. दुर्गा वाजपेयी, अतिथिगण, प्राध्यापकगण, एनसीसी अधिकारी लेफ्टीनेंट. नीता जौहर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ हुआ।



