रायगढ़। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली, छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 20 अगस्त 2026, गुरुवार को बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉक ड्रिल ग्राम चंघोरी, तहसील पुसौर में प्रातः 10 बजे आयोजित होगी।
बाढ़ आपदा की स्थिति में प्रशासन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखने के उद्देश्य से यह अभ्यास किया जा रहा है। मॉक ड्रिल के दौरान आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों के उपयोग की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को सूचित किया गया है कि मॉक ड्रिल एक प्रशिक्षण एवं अभ्यास प्रक्रिया है। इस दौरान नागरिक किसी प्रकार की घबराहट न करें और इसे वास्तविक आपदा की स्थिति न समझें। अभ्यास के दौरान शांति एवं संयम बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने के लिए कहा गया है।
मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। नागरिकों से अभ्यास के दौरान प्रशासन का सहयोग करने तथा सही जानकारी के आदान-प्रदान में सहयोग करने की अपील की गई है।
मॉक ड्रिल का आयोजन जिला कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रायगढ़ के मार्गदर्शन में किया जाएगा।



