रायगढ़। जिले के अग्रणी महाविद्यालय किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोफिया अमरेला ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं NCC कैडेट्स को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन 28 CG बटालियन NCC, रायगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोफिया अमरेला के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम की संयोजक कैप्टन डॉ. शारदा घोघरे ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि शिक्षण संस्थानों और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने साथियों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं NCC कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता उत्पन्न कर “नशामुक्त युवा–सशक्त भारत” के संकल्प को मजबूत करना था।
नशा छोड़ें—जीवन जोड़ें।
नशामुक्त युवा—सशक्त भारत।



