
उत्तर बस्तर कांकेर नव पदस्थ कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांकेर बस्तर संभाग का प्रवेश द्वार है और यहीं से बस्तर की संस्कृति शुरू होती है। अपनी शासकीय सेवा यात्रा की जानकारी देते हुए उन्होने कहा इससे पहले वे मुंगेली, सरगुजा एवं बलरामपुर जिले में कलेक्टर के दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उनकी पहली पदस्थापना सहायक कलेक्टर के रूप में राजनांदगांव में हुई तत्पश्चात कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के तौर पर अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वे कवर्धा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा शुगर मिल के प्रबंध निदेशक के तौर पर भी पदस्थ रहे।
तदुपरांत जिला पंचायत दुर्ग एवं कोरबा में सीईओ के पद पर अपनी सेवाएं दी। संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ के पद पर भी पदस्थ रहे।
मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने बताया कि आज सुबह कांकेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर वन्यप्राणी (भालू) विचरण क्षेत्रों का अवलोकन एवं पीड़ित परिवार से मिले, शहर की साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली और स्थिति में सुधार लाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है
। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। जिसमें आंगनबाड़ी भवन, आहाता, जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत सहित विभिन्न आधारभूत संरचना का निर्माण शामिल हैं। जिले में मलेरिया के रोकथाम के लिए मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, कुपोषण दर में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा। नल जल योजना से घरों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गिरदावरी कार्य को भी त्रुटिरहित संपादित किया जाएगा। नियद नेल्लानार, बस्तर मुन्ने, बस्तर विकास प्राधिकरण जैसी योजनाओं से कांकेर जिले की विकास को गति प्रदान की जाएगी। प्र्रेसवार्ता के शुरूआत में शहर के मीडिया प्रतिनिधियों ने कलेक्टर श्री कंुदन कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



