ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं
कहा- समस्याओं का समाधान करने जिला प्रशासन तत्पर, हरसंभव ईमानदार प्रयास किए जाएंगे
उत्तर बस्तर कांकेर, कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने मंगलवार 25 अगस्त को जिले के सुदूरवर्ती इलाकों का भ्रमण कर अंतिम छोर में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी तथा ग्रामीणों की दीर्घकालिक समस्याओं की जानकारी ली। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम को वे अंतागढ़ विकासखंड के बीहड़ क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत बैहासाल्हेभाट पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर चौपाल लगाई और बारी-बारी से उनकी समस्याओं और मांगों को संजीदगी के साथ सुना।
इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से रु ब रु होते हुए कहा कि राज्य शासन की जनहितकारी नीतियों का अंतिम छोर में पहुंच सुनिश्चित कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता के साथ हरसंभव ईमानदार प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों को कलेक्टर ने यह भी कहा कि उनके गांव बैहासाल्हेभाट को मॉडल विलेज (आदर्श ग्राम) के रूप में विकसित किया जाएगा और इसके लिए सभी अधिकारियों को ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी प्रत्येक समस्या से अवगत होने के लिए निर्देशित किया गया है।
इसके अलावा उन्होंने अंतागढ़ से नारायणपुर सड़क के गुणवत्तापूर्ण निर्माण में तेजी लाने, नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन स्वीकृत करने, नदी पर एनीकट निर्माण, स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने, महतारी सदन स्वीकृत करने जैसी सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक सकारात्मक पहल करने व आवश्यकतानुसार शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर अंतागढ़ श्री ए एस पैंकरा, एसडीएम अंतागढ़ श्री राहुल रजक सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।
अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग मरम्मत कार्य का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश
इसके पहले, कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने ब्लॉक मुख्यालय अंतागढ़ से नारायणपुर के बीच राजकीय राजमार्ग क्रमांक 05 पर चल रहे चौड़ीकरण और मरम्मत कार्य का मौका मुआयना किया। उन्होंने अंतागढ़ से रावघाट प्रोजेक्ट मार्ग के बीच चल रहे कार्य का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य में लगी गाड़ियों की संख्या 10 से बढ़ाकर तत्काल 30 करने, साथ ही इन वाहनों को सड़क के प्रारंभिक, अंतिम और मध्य जगहों पर संलग्न करने के सख्त निर्देश कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार को दिए, ताकि निर्माण कार्य द्रुतगति से पूर्ण हो सके।
कलेक्टर ने स्थानीय लोगों की आवाजाही की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए सड़क मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता को दिए, साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




