सरसीवा – मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बिलाईगढ़ के निर्देश के बावजूद ग्राम पंचायत नावापारा (ख) के आश्रित ग्राम देवरहा के वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर देवरहा के युवा एक बार फिर बड़ी संख्या में जनपद पंचायत बिलाईगढ़ पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरहा के युवाओं ने 29 जुलाई को वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में व्याप्त समस्याओं को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी बिलाईगढ़ को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद CEO द्वारा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
प्रेस को जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मनहरण, सुमित एवं श्रवण यादव ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां जनता मालिक और शासन-प्रशासन जनता का सेवक है। इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को बार-बार जनपद कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, देवरहा के वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में मुक्तिधाम की व्यवस्था, कचरे की सफाई, सड़क पर उचित मुरुम डालने तथा कुंडा दान निर्माण जैसी प्रमुख मांगें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
देवरहा के युवाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चार दिनों के भीतर उक्त समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीण जिला कलेक्टर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होंगे।
इस संबंध में CEO बिलाईगढ़ से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने संबंधित PO को निर्देश दिए। वहीं PO ने ग्रामीणों को फोन पर आश्वासन दिया कि शनिवार तक समस्याओं का निराकरण कर दिया जाएगा।
इस दौरान दीपक, कृष्णा, रवि, उत्तम, अभय, शिव शंकर, रामेश्वर, चंद्रशेखर, राजेन्द्र, दिलेश्वर, शैलेश, टिकेश्वर, साहिल, विक्रम, प्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।



