🚨 अलग-अलग स्थानों से एक पुरुष और महिला आरोपी गिरफ्तार, शराब के साथ बिक्री रकम भी बरामद
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना भूपदेवपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में एक पुरुष एवं एक महिला आरोपी को पकड़ा है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 14 लीटर अवैध महुआ शराब तथा 300 रुपये बिक्री रकम बरामद कर जब्त की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कौशिक के नेतृत्व में भूपदेवपुर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा।
सिंधनपुर-बिलासपुर मेन रोड पर 10 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
पहली कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिंधनपुर से बिलासपुर की ओर जाने वाली मेन रोड पर एक व्यक्ति थैले में अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब लेकर पैदल जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को थैले सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयकृष्ण तरिया पिता स्व. वासुदेव तरिया, उम्र 49 वर्ष, निवासी बिलासपुर, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ बताया। उसके कब्जे में रखे थैले की तलाशी लेने पर प्लास्टिक जरीकेन, क्षमता 10 लीटर, में भरी हुई 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 1,000 रुपये है, बरामद हुई। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया। आरोपी जयकृष्ण तरिया के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
बिलासपुर यात्री प्रतीक्षालय के पास महिला से अवैध महुआ शराब और बिक्री रकम बरामद
दूसरी कार्रवाई में भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम बिलासपुर यात्री प्रतीक्षालय के पास एक महिला को अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने मौके से नोनी बाई तिवारी, उम्र 47 वर्ष, निवासी बिलासपुर को पकड़ा। महिला के कब्जे से 05 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन में करीब 04 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 400 रुपये, बरामद हुई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद बिक्री रकम भी पुलिस ने जब्त की। महिला आरोपी के विरुद्ध थाना भूपदेवपुर में आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।



