धोबनी (सरसीवा) – कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर ग्राम धोबनी के देव चौक स्थित श्रीकृष्ण मंदिर के पास विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भव्य राउत नाचा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लंबे समय बाद गांव में इस तरह के पारंपरिक आयोजन होने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान रथ में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई। इसके बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन के साथ राउत नाचा दल पूरे गांव की प्रमुख गलियों से होते हुए आगे बढ़ा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने राउत नाचा और डंडा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
राउत नाचा के दौरान कलाकारों ने लाठी और तलवार चलाने की पारंपरिक कला का भी प्रदर्शन किया। इन रोमांचक प्रस्तुतियों को देखने के लिए गांव के बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में जुटे। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने राउत नाचा दल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
गांव के छापर के पास पहुंचने पर राउत नाचा देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्रों की गूंज और नृत्य की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय बाद गांव में आयोजित इस प्रकार के पारंपरिक कार्यक्रम से पुरानी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत करने का अवसर मिला है।
राउत नाचा की यह यात्रा गांव की मुख्य गलियों से होते हुए सूर्य नगर के पास पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी।
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित यह भव्य राउत नाचा कार्यक्रम पूरे गांव में आकर्षण का केंद्र रहा और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ इसमें सहभागिता निभाई।



