मस्तूरी। शुरवीर, महान प्रतापी, राजागुरु एवं धर्मगुरु गुरु बालक दास साहेब जी की जयंती के शुभ अवसर पर सतनामी समाज जागरूकता मिशन की ओर से विशाल सतनाम पद यात्रा एवं बाइक रैली डीजे की धुन में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सतनाम शोभायात्रा ग्राम किसान परसदा मार्ग से प्रारंभ होकर भिलाई, रलिया, सुखरी पाली, हरदाडीह, कौड़िया, नवागांव, एरमसही, कछार, बेल्टुकारी, जयरामनगर मंडी मोहल्ला, भनेसर, पाराघाट, खुडूभाठा, मोहतरा, मस्तूरी, किरारी, दर्रीघाट और भदोरा होते हुए पुनः ग्राम रलिया पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।
शोभायात्रा में शामिल मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने गुरु बालक दास साहेब जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान लखन टंडन, शेखर भार्गव, विनोद लहरे, प्रीतम सुमन सहित अनेक समाजजन मौजूद रहे।
किरारी पहुंचने पर प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज मस्तूरी के ब्लॉक उपाध्यक्ष परमेश्वर सुमन, संजय राय, पंच कुमार सुमन एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं को केला, पानी और सतनाम प्रसादी का वितरण किया गया। यात्रा का जगह-जगह समाज के लोगों द्वारा स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के माध्यम से गुरु चरणों में श्रद्धा एवं समर्पण, सतनाम के प्रचार-प्रसार, समाज में एकता, भाईचारे और जागरूकता के साथ नशामुक्ति एवं मांसाहार त्याग का संदेश दिया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत रलिया के सरपंच शैलेन्द्र कुमार, हीरो सोनवानी, रोशन कुमार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।



