
नरहरपुर। विकासखंड नरहरपुर अंतर्गत ग्राम जामगांव नीचेपारा में श्रीकृष्ण भगवान की प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन का धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शुक्रवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ श्रीकृष्ण भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई, वहीं शनिवार को पूरे गांव में भव्य शोभायात्रा एवं रैली निकालने के बाद तालाब में शांतिपूर्वक प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
प्रतिमा स्थापना के दिन सुबह से लेकर रात तक भजन-कीर्तन एवं सेवा-गीतों का आयोजन किया गया। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समस्त ग्रामवासियों द्वारा आसपास के गांवों एवं टोलों के श्रद्धालुओं को आमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया गया था। आमंत्रण के बाद आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण भजन-कीर्तन और सेवा-गीतों में शामिल होने पहुंचे।
पूरे दिन गांव में भक्ति एवं धार्मिक वातावरण बना रहा। सुबह से रात तक चले भजन-कीर्तन में ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों एवं आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन रहे।
शनिवार को विसर्जन के अवसर पर समस्त ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात भगवान की प्रतिमा को बाजे-गाजे और धार्मिक जयघोषों के साथ गांव की विभिन्न गलियों में भ्रमण कराया गया। ग्रामीणों द्वारा धूमधाम से भव्य रैली एवं शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया। इसके बाद बाजे-गाजे के साथ प्रतिमा को विसर्जन स्थल तालाब तक ले जाया गया, जहां श्रद्धालुओं ने अंतिम पूजा-अर्चना कर पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ शांतिपूर्वक श्रीकृष्ण भगवान की प्रतिमा का विसर्जन किया।
धार्मिक आयोजन में ग्राम जामगांव नीचेपारा सहित आसपास के गांवों एवं टोलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग और सहभागिता से श्रीकृष्ण भगवान की प्रतिमा स्थापना, भजन-कीर्तन, सेवा-गीत एवं विसर्जन का यह धार्मिक आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।



