सरसीवां – सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़, रायगढ़ विभाग की योजना के अनुसार सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्य विद्यालय सरसीवा में शिशु वाटिका एवं बालिका शिक्षा कार्य योजना बैठक का आयोजन रविवार, 6 सितंबर 2026 को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती शिवा अनिल साहू, जिला पंचायत सदस्य एवं अध्यक्षता कर रहे पंचानंद दास, जिला प्रतिनिधि, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की उपस्थिति में मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मार्गदर्शक के रूप में राम कुमार वर्मा, प्रांतीय शिशु वाटिका प्रमुख, प्रशिक्षक श्रीमती ललिता तिवारी, विभागीय शिशु वाटिका प्रमुख कोरबा, श्रीमती मनोज साहू, प्रांतीय बालिका शिक्षा प्रमुख तथा अंबिका साहू, बालिका शिक्षा सह-प्रांत प्रमुख उपस्थित रहीं।
प्रांतीय शिशु वाटिका प्रमुख राम कुमार वर्मा ने अपने प्रस्तावना उद्बोधन में शिशु वाटिका के 12 आयामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कार्य योजना बैठक के दौरान दो दिनों तक विद्यालय स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने तथा तैयार योजना को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए निर्देशित किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती शिवा अनिल साहू ने सरस्वती शिशु मंदिर की शिक्षा पद्धति एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय में दिए जा रहे संस्कार एवं चरित्र निर्माण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर प्राचार्य पंकज कुमार प्रधान, वरिष्ठ आचार्य नरोत्तम लाल द्विवेदी, पदमन प्रधान, जीवन लाल यादव, श्रीमती रेखा दुबे, श्रीमती विराजना शर्मा सहित अन्य आचार्यगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की कक्षा 12वीं की बहन एवं कन्या भारती अध्यक्ष सोनाली जायसवाल तथा कन्या भारती सेनापति कुमारी प्रियंका साहू द्वारा किया गया।



