कांकेर । प्राथमिक शाला माटवाड़ा लाल पटेलपारा में जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से प्रेरित इस आयोजन में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
वहीं शिक्षक दिवस के अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया। बच्चों द्वारा शिक्षकों के लिए किए गए इस आत्मीय सम्मान ने शिक्षक दिवस को और भी खास एवं यादगार बना दिया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों द्वारा बच्चों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया। पूरे आयोजन में विद्यालय में उत्सव और खुशी का माहौल बना रहा।प्रधान पाठक पूर्णिमा गेड़ाम ने बताया कि विद्यालय में इस तरह के आयोजन बच्चों में उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें हमारी संस्कृति, परंपराओं और गुरु-शिष्य संबंधों के महत्व से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस के संयुक्त आयोजन से बच्चों को सीखने, सहभागिता करने और अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सुंदर अवसर मिला। इस कार्यक्रम में समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।



