कांकेर । मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर दिनांक 7 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कालिंद्री नर्सिंग कॉलेज में एक दिवसीय आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
निर्देशानुसार कार्यक्रम को डॉ. आर. सी. ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कांकेर तथा डॉ. विमल चंद्र भगत, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कांकेर के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में तथा डॉ. के. के. ध्रुव, नोडल अधिकारी के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आत्महत्या के जोखिम कारकों, चेतावनी संकेतों, मानसिक तनाव, भावनात्मक समस्याओं तथा संकट की स्थिति में समय पर सहायता प्राप्त करने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, अपनी समस्याओं को परिवार, मित्रों अथवा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में आशीष जैन, साइकियाट्रिक नर्स; श्री उमाशंकर सोनकर, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट; सुश्री गार्गी वर्मा, साइकियाट्रिक सोशल वर्कर; एवं सुश्री दीक्षा साहू, कम्युनिटी नर्स ने विशेष रूप से उपस्थित होकर विद्यार्थियों को आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, आत्महत्या से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करना तथा जरूरतमंद व्यक्ति की समय पर पहचान कर उसे उचित सहायता एवं उपचार से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कालिंद्री नर्सिंग कॉलेज के प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।



