बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिला राजस्व पटवारी संघ बीजापुर ने जिले के पटवारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री को पत्र सौंपा है। संघ ने शासन स्तर पर समस्याओं का निराकरण करवाने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि वर्ष 2020 में तत्कालीन कलेक्टर द्वारा 20 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण कर चुके 6 पटवारियों को जिले के विभिन्न राजस्व निरीक्षक मंडलों में प्रभारी राजस्व निरीक्षक का दायित्व सौंपा गया था। ये पटवारी पिछले करीब छह वर्षों से लगातार प्रभारी राजस्व निरीक्षक के रूप में कार्य कर रहे हैं। संघ ने जिले में राजस्व निरीक्षक के रिक्त 14 पदों पर इन पात्र पटवारियों को पदोन्नति देने की मांग की है।
इसके अलावा संघ ने कहा कि राजस्व निरीक्षक का पद अधिकारी का नहीं, बल्कि कर्मचारी संवर्ग का पद है, बावजूद इसके इसे राज्य स्तरीय पद घोषित किया गया है। संघ ने राजस्व निरीक्षक के पद को जिला स्तरीय पद घोषित करने की मांग रखी है।
पटवारियों के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी हल्का मुख्यालयों में कार्यालय भवन, आवश्यक फर्नीचर एवं आलमारी उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। वहीं भुइयां पोर्टल से संबंधित कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए जिले के सभी पटवारियों को कंप्यूटर एवं प्रिंटर सेट उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
जिला राजस्व पटवारी संघ ने उपमुख्यमंत्री से इन मांगों पर शासन स्तर से शीघ्र कार्रवाई कर पटवारियों की समस्याओं का निराकरण कराने का आग्रह किया है। इस दौरान जिला शंकरलाल कतलाम, जिला सचिव यशवंत केजी, संघ प्रमुख कार्यकर्ता भानुप्रताप चिडियम अन्य मौजूद थे ।



