बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बीजापुर कलेक्टोरेट के इन्द्रावती सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़क, पुल-पुलिया और शासकीय भवनों के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। फुंडरी में निर्माणाधीन पुल को शीघ्र पूर्ण कर आवागमन के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं बेदरे के उच्च स्तरीय पुल की रिटेंडर प्रक्रिया पूरी होने और वर्क ऑर्डर जारी होने की जानकारी अधिकारियों ने दी। बासागुड़ा में तालपेरु नदी पर निर्माणाधीन पुल सहित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने सड़क और पुल-पुलिया नेटवर्क को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यों में तेजी लाने कहा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में हर घर जल योजना पर विशेष जोर दिया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पात्र परिवार को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो। उन्होंने अधूरे जलापूर्ति कार्यों को जल्द पूरा करने और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की धीमी कार्यगति पर उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्रधानमंत्री स्वनिधि और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। वहीं खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने तथा स्कूल स्तर से ही बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। इसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। इसके अलावा कहानी बदलाव, नमो सेवा गाथा ,आंगन का उत्स, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियों को सामने लाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर विश्वदीप ने जिले में अभियान को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर दिनवार और तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने शहीद स्मारकों एवं शहादत स्थलों पर 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक में कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, डीएफओ सागर जाधव, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे सहित जिला, पुलिस और संभाग स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



