प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मल्हार मंडल के अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर के सौजन्य से बिलासपुर स्थित 36 मॉल में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित फिल्म “हनुमान अंश” का सामूहिक अवलोकन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के 56 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ फिल्म देखी और इसके प्रेरणादायी संदेशों को आत्मसात किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आस्था और संस्कारों को मजबूती देने वाली फिल्में समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य करती हैं। ऐसी फिल्मों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में मदद मिलती है।
सामूहिक फिल्म अवलोकन के दौरान मस्तूरी मंडल अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी, मंडल उपाध्यक्ष लोकनाथ बंजारे, मन की बात प्रभारी सुरेश खटकड़, जिला युवा मोर्चा पदाधिकारी पूरन सिंह ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरस्वती यादव, युवा मोर्चा महामंत्री राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
फिल्म प्रदर्शन के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फिल्म के संदेशों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रेरित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं में सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



