
रायगढ़। विश्व नदी दिवस के अवसर पर नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरणीय जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने तथा एनसीसी कैडेट्स एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों में नदियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से किरोडीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी, रायगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोफिया अमरेला के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन कैप्टन डॉ. शारदा घोघरे द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कैप्टन डॉ. शारदा घोघरे ने एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को नदियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नदियाँ मानव सभ्यता, कृषि, जैव विविधता और समग्र पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कैडेट्स को नदियों को प्रदूषण से बचाने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा नदी संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स को नदियों के महत्व, जल संरक्षण, नदी प्रदूषण की रोकथाम तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। प्रतिभागियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से नदी संरक्षण एवं स्वच्छ जल के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में कैडेट बसंत साहू, मधु साहू, प्रीति साहू, महेंद्र जोले, गुलाब जटवर, आशीष पटेल, हितेश खुटे, अंजुलता भोय, ईशा उरांव सहित नवप्रवेशित एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नदियों का संरक्षण केवल शासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



