कलेक्टर विश्वदीप निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश, स्थगित परीक्षाओं की नई तारीख भी घोषित
बीजापुर@ रामचन्द्रम एरोला – जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 26 सितंबर 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर विश्वदीप के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार पांडे ने 25 सितंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार 26 सितंबर को जिले के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल पूरी तरह बंद रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि लगातार भारी वर्षा के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया गया है।
स्थगित परीक्षाओं की नई तारीख तय
26 सितंबर को अवकाश के कारण माध्यमिक वर्ग की त्रैमासिक परीक्षा भी स्थगित की गई है। अब 26 सितंबर को होने वाली माध्यमिक वर्ग की त्रैमासिक परीक्षा 29 सितंबर 2026 को पूर्व निर्धारित समयानुसार आयोजित की जाएगी।
वहीं हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की 26 सितंबर को प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षा अब 5 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी।
25 और 26 सितंबर को लगातार दो दिन स्कूल बंद
इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 24 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत 25 सितंबर को भी जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था। लगातार भारी बारिश के कारण अब बीजापुर जिले में 25 और 26 सितंबर को लगातार दो दिन स्कूल बंद रहेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश को तत्काल प्रभावशील बताते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों, प्रधान पाठकों एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।



