
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत पेंड्री मस्तूरी स्थित सांदीपनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में 25 सितंबर 2026 को एक दिवसीय निःशुल्क स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना रहा।
शिविर के सफल आयोजन में संस्थान के निर्देशक महेंद्र चौबे का महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। उन्होंने सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. अनिल कुमार, सांदीपनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के एडमिन विनित चौबे, नर्सिंग विभाग के प्राचार्य डॉ. पी. महेंद्र वर्मन, उप प्राचार्य श्रीमती आर. सेंकथिर सेल्वी, शिक्षा विभाग की प्राचार्या डॉ. रीता सिंह, यूजी विभाग के सुरेंद्र साहू सहित नर्सिंग विभाग के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान के महत्व को समझाते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को इस सामाजिक पहल में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
शिविर में जिला अस्पताल की रेडक्रॉस टीम द्वारा रक्तदान के इच्छुक शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के उपरांत पात्र रक्तदाताओं से रक्त एकत्र किया गया। टीम ने रक्तदान की प्रक्रिया, सावधानियों और सुरक्षित रक्तदान को लेकर आवश्यक जानकारी भी दी।
इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और परोपकार का संदेश दिया। रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवन में रक्त की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।



